DSTPS अंडाल में फिटनेस और एकता का संगम दौड़ा स्वच्छता और एकता का संदेश



अंडाल/दुर्गापुर(तारकेश्वर राय ): कहते हैं 'पहला सुख निरोगी काया, दूसरा सुख घर में माया' और इसी सोच को सार्थक करते हुए दामोदर घाटी निगम (DVC) के दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन (DSTPS), अंडाल ने फिटनेस, स्वच्छता और राष्ट्रीय एकता का एक अद्भुत संगम प्रस्तुत किया. 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चले फिट इंडिया स्वच्छता फ्रीडम रन 7.0 का भव्य समापन 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के साथ किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” रही, जिसने कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार किया।अभियान के तहत 26 अक्टूबर को प्लांट परिसर में प्लॉग रन/फिट इंडिया रन का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख श्री अनिल कुमार जैन ने किया। इस दौड़ में 100 से अधिक DVC कर्मचारी, CISF जवान और स्वयंसेवकों ने कचरा उठाते हुए फिटनेस का संदेश दिया।वहीं, 31 अक्टूबर को कार्यक्रम का भव्य समापन भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशासनिक भवन में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि और फिट इंडिया की शपथ के साथ हुआ। यह कार्यक्रम कार्यपालक निदेशक (संचालन), DVC श्री संजीव श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति और नेतृत्व में संपन्न हुआ।इस अवसर पर सुखदेव खान, वरिष्ठ महाप्रबंधक (O&M), एस. आर. पांडा, महाप्रबंधक (अनुरक्षण), श्रीमती अरुंधति मुखर्जी, महाप्रबंधक (संचालन), राजेश लायेक, महाप्रबंधक (AMS), श्रीकांत गेडाला, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तथा पुलकेश चट्टोपाध्याय, उप महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।शपथ ग्रहण के बाद प्रशासनिक भवन से प्लांट गेट तक फिट इंडिया स्वच्छता फ्रीडम रन 7.0 एवं रन फॉर यूनिटी रैली निकाली गई। लगभग 100 कर्मचारियों, CISF कर्मियों और प्लांट श्रमिकों के उत्साह ने पूरे परिसर को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के नारों से गुंजा दिया। DSTPS अंडाल का यह संयुक्त आयोजन केवल एक दौड़ नहीं था, बल्कि यह संदेश था कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज बनाता है और एकजुट समाज ही सशक्त राष्ट्र बनाता है। फिटनेस, स्वच्छता और एकता के इस त्रिवेणी संगम ने यह सिद्ध कर दिया कि जब संकल्प मजबूत हो, तो आधे घंटे की रोज की डोज पूरे राष्ट्र को निरोगी और अखंड बना सकती है। कार्यक्रम का समापन “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज”, “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” एवं “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के साथ हुआ।

Click Here to Visit
What's Your Reaction?